नीच भंग राजयोग
कुंडली में कोई ग्रह अपनी नीच राशि में स्थित हो तो वह अशुभ परिणाम देने वाला माना जाता है लेकिन यदि उस ग्रह का नीचत्व समाप्त अथवा भंग हो जाए अर्थात् नीच भंग राजयोग का निर्माण हो जाए तो वह ग्रह अपनी नीच अवस्था के फल ना देकर शुभ फल देने में सक्षम हो जाता है।
नीच भंग राजयोग वैदिक ज्योतिष के अनुसार एक प्रबल राजयोग है जो व्यक्ति को सक्षम और समर्थ बनाता है तथा अपने कर्मों के द्वारा व्यक्ति जीवन में सभी प्रकार की चुनौतियों को पीछे छोड़कर जीवन में सफलता के मार्ग पर अग्रसर होता है। जैसा कि नाम से ही पता चलता है कि नीच भंग राजयोग के लिए कुंडली में किसी ग्रह का नीच होना पहली अनिवार्य शर्त है।
नीचस्थितो जन्मनि यो ग्रहः स्यात्तद्राशिनाथोऽपि तदुच्चनाथः।
स चन्द्रलग्नाद्यदि केन्द्रवर्ती राजा भवेद्धार्मिकचकर्वर्ती ।।२६।।
नीच भंग राजयोग तब बनता ,है जब कुंडली में कोई नीच ग्रह इस प्रकार विराजमान हो कि उसकी नीच अवस्था समाप्त अर्थात् भंग हो जाए और वह प्रबल रूप से राजयोग कारक ग्रह बन जाए तो वह नीच भंग राजयोग कहलाने लगता है।
नीच भंग राजयोग की पहली शर्त यह होती है कि कोई ग्रह नीच राशि में स्थित होना चाहिए अर्थात् ग्रह जब नीच राशि में होगा, तभी हम इस राज योग के बारे में विचार कर सकते हैं। लेकिन किसी ग्रह का नीच राशि में होना सदैव भंग नहीं हो सकता, इसलिए नीच भंग होने के लिए कुछ आवश्यक शर्तों का होना भी जरूरी है, जिनकी उपस्थिति किसी भी ग्रह की नीच अवस्था को समाप्त या निष्फल कर देती है और वह ग्रह नीच स्थिति से बाहर निकलकर नीच भंग राजयोग के परिणाम देने लगता है। ये विशेष नियम जिनमें नीच भंग राजयोग का निर्माण होता है, आप निम्नलिखित विवरण के आधार पर आसानी से समझ सकते हैं:
नीच भंग राजयोग के लिए एक नियम यह है कि यदि किसी जन्म कुंडली में कोई ग्रह अपनी नीच राशि में स्थित है और उस राशि का स्वामी यदि चंद्रमा द्वारा अधिष्ठित राशि से केंद्र भाव में स्थित हो तो नीच भंग राजयोग का निर्माण होता है। अर्थात् वह ग्रह नीच अवस्था से बाहर निकल जाता है और अच्छे परिणाम देने लग जाता है।
एक अन्य नियम के अनुसार जब कोई ग्रह कुंडली में नीच राशि में स्थित हो तो उस नीच राशि का उच्च नाथ (जो ग्रह उच्च राशि में उच्च स्थिति में माना जाता हो) चंद्रमा से केंद्र भाव की राशि में स्थित हो तो नीच भंग राजयोग का निर्माण होता है।
एक अन्य नियम के अनुसार यदि कोई ग्रह नीच राशि में स्थित है लेकिन उस राशि का स्वामी ग्रह, जिसमें वह ग्रह नीच अवस्था में है, कुंडली के लग्न से केंद्र भाव में अर्थात् प्रथम, चतुर्थ, सप्तम या दशम भाव में विराजमान हो तो नीच भंग राजयोग बन जाता है।
एक नियम यह भी कहता है कि ग्रह जिस राशि में नीच अवस्था में है, उस नीच राशि का उच्च नाथ कुंडली के लग्न से केंद्र भाव में स्थित हो तो भी नीच भंग राज योग निर्मित होता है।
एक ग्रह अपनी नीच राशि में स्थित है और उस नीच राशि का स्वामी ग्रह अपनी उच्च राशि को देख रहा हो अर्थात् दृष्टि दे रहा हो तो नीच भंग राज योग निर्मित होता है।
वैदिक ज्योतिष के अनुसार जिस राशि में नीच अवस्था में कोई ग्रह बैठा हो, उस राशि में उच्च अवस्था में माने जाने वाला ग्रह चंद्रमा द्वारा अधिष्ठित राशि से केंद्र भाव में हो तो नीच भंग राज योग निर्मित होता है।
नीच भंग राजयोग के निर्माण की एक स्थिति यह भी है कि जिस राशि में नीच अवस्था में कोई ग्रह बैठा है, उस राशि में उच्च स्थिति वाला ग्रह कुंडली में लग्न से केंद्र भावों में स्थित हो तो ऐसी स्थिति में नीच भंग राजयोग बन जाता है और उस ग्रह का नीचत्त्व समाप्त हो जाता है।
नीच भंग राजयोग के निर्माण की एक स्थिति यह भी है कि जिस राशि में कोई ग्रह नीच अवस्था में स्थित है, उसी राशि में कोई ग्रह अपनी उच्च अवस्था में स्थित हो तो स्वतः ही नीच भंग राजयोग निर्मित हो जाता है।
वैदिक ज्योतिष में जन्म कुंडली के साथ-साथ नवमांश कुंडली उनको भी अत्यंत महत्व दिया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक अन्य नियम यह भी है कि यदि कोई ग्रह जन्म कुंडली में अपनी नीच राशि में स्थित है लेकिन नवमांश कुंडली में यदि वही ग्रह अपनी उच्च राशि में स्थित होता है तो नीच भंग राजयोग बन जाता है और उस ग्रह के नीच स्थिति के फलों की स्थिति में परिवर्तन आ जाता है और वह अच्छे परिणाम देने लगता है।
उपरोक्त के अतिरिक्त एक अन्य नियम यह भी है कि यदि कोई ग्रह नीच राशि में स्थित है और उस नीच राशि में जो ग्रह उच्च अवस्था में माना जाता हो, वे दोनों ग्रह एक दूसरे से केंद्र में हों तो नीच भंग राज योग निर्मित होता है।
किसी की कुंडली में राजयोग का निर्माण होना बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि किसी भी कुंडली में राजयोग जितने अधिक संख्या में विराजमान होते हैं अथवा ज्यादा मजबूत होते हैं तो वह व्यक्ति के जीवन स्तर को उतना ही उत्तम बना देते हैं और उसे जीवन में यश, महान सफलता, कीर्ति, लक्ष्मी सभी कुछ प्रदान करते हैं। यदि हम नीच भंग राजयोग के फलों की बात करें तो इस योग में जन्म लेने से आपको अनेक प्रकार के सुखों की प्राप्ति होती है और आप जीवन में कुछ समस्याओं के उपरांत प्रगति अवश्य करते हैं। आप किसी राजा के समान सुखों का भोग करते हैं और आपको अखंड लक्ष्मी की प्राप्ति होती है। नीच भंग राज योग के कारण आपके जीवन में धीरे धीरे सफलता आनी शुरू हो जाती है और आप काफी मजबूत स्थिति में खड़े होते हैं। यदि जन्म कुंडली में उचित समय पर नीच भंग राज योग निर्मित करने वाले ग्रह की महादशा अथवा अंतर्दशा आती है तो वह व्यक्ति को परिणाम देने में देर नहीं लगाती और व्यक्ति जीवन में सभी सफलताओं को प्राप्त करता है।